आम आदमी पार्टी (आप) भी भाजपा की तर्ज पर मिस्ड कॉल के जरिए पार्टी का विस्तार कर रही है और नए सदस्यों को जोड़ रही है। दिल्ली चुनाव में प्रचंड जीत के बाद पार्टी से जुड़ने वाले लोगों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। आम आदमी पार्टी ने एक ट्वीट करके दावा किया है कि दिल्ली में हमारी प्रचंड जीत के बाद 24 घंटे में 10 लाख से ज्यादा लोग पार्टी से जुड़े हैं। 'आप' राष्ट्र निर्माण अभियान चलाकर नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ रही है। पार्टी लोगों से अपील कर रही है कि 'आप' से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। गौरतलब है कि 2012 में अरविंद केजरीवाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर आम आदमी पार्टी बनाई थी और उसके बाद वह 2013 में दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के सहयोग से सरकार बनाने में कामयाब रहे थे। 2015 में पार्टी ने भारी जीत दर्ज की और कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला। 'आप' ने 2020 के चुनाव में भी 62 सीटें जीतकर धमाकेदार प्रदर्शन किया पर कांग्रेस का खाता लगातार दूसरी बार नहीं खुला। ताजा विधानसभा चुनाव में आप के खाते में 53.57% वोट गए और बीजेपी 38.51% वोट के साथ 8 सीटें जीतने में कामयाब रही। कांग्रेस का खाता तो नहीं ही खुला लेकिन वह अपने वोट का प्रतिशत भी दहाई में नहीं पहुंचा पाई। कांग्रेस को महज 4.26 प्रतिशत वोट मिले और उसके 63 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई।
दिल्ली चुनाव जीतने के बाद 24 घंटे में 10 लाख लोग पार्टी से जुड़े: आप पार्टी