केंद्रीय राज्य मंत्री व स्थानीय सांसद वीके सिंह के पूर्व राजनैतिक सलाहकार एसपी सिंह के खिलाफ एक और केस दर्ज हुआ है। आरोप है कि अप्रैल 2019 में कविनगर थाने में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में एसपी सिंह ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमानत कराई थी। वीके सिंह के निजी सचिव एमएल सेठी की तहरीर पर कविनगर पुलिस ने धोखाधड़ी व कूटरचित दस्तावेज तैयार करने का केस दर्ज किया है। 26 अप्रैल 2019 को केंद्रीय राज्य मंत्री वीके सिंह के निजी सचिव सुरजीत सिंह ने कविनगर थाने में एसपी सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी व कूटरचित दस्तावेज तैयार करने का मुकदमा दर्ज कराया था। उसमें बताया था कि एसपी सिंह (शंभुप्रसाद सिंह) ने सांसद वीके सिंह के साथ एक साल पहले राजनीतिक सलाहकार के रूप में कार्य किया था। उनकी गतिविधियां संदिग्ध थीं। वह सांसद के नाम पर लोगों को धमकाकर एक्टॉर्शन मनी वसूल रहे थे। एसपी सिंह पर दो अन्य मामले दर्ज हुए, लेकिन वह कोर्ट से स्टे ले आए। इसके बाद जून 2019 में भाजपा नेता से 3 लाख रुपये लेकर सांसद का फर्जी लेटरहेड देने का मामला सामने आने पर सिहानी गेट पुलिस ने एसपी सिंह को गिरफ्तार किया गया था। तभी से वह कारागार में निरूद्ध थे। बीते दिनों एसपी सिंह ने कविनगर थाने में अप्रैल 2019 में दर्ज मुकदमे में कोर्ट से जमानत हासिल की है। वीकेसिंह के वर्तमान निजी सचिव एमएल सेठी ने कविनगर थाने में तहरीर दी है। उसमें लिखा है कि एसपी सिंह ने धोखाधड़ी के मामले में जमानत हासिल कर ली है। जमानत में लगाए दस्तावेजों की जांच कराई गई तो वह फर्जी पाए गए। दस्तावेजों पर संबंधित अधिकारियों के हस्ताक्षर भी फर्जी मिले हैं। एसएचओ कविनगर, मोहम्मद असलम ने बताया कि एसपी सिंह पर आरोप है कि उन्होंने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कोर्ट से जमानत हासिल की है। तहरीर के आधार पर उनके खिलाफ धोखाधड़ी व कूटरचित दस्तावेज तैयार करने की धाराओं में केस दर्ज किया है।
वीके सिंह के पूर्व सलाहकार पर केस दर्ज